बिहार : ज्वेलर्सकी दुकानसे दिनदहाड़े ४० करोड़ की लूट
पश्चिम चंपारण (आससे.)। बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया में दिनदहाड़े हथियारबंद अपराधियों ने बड़ी लूट की वारदात को अंजाम देकर पुलिस महकमे में हडक़ंप मचा दिया। कालीबाग थाना क्षेत्र में सुप्रिया सिनेमा रोड स्थित सेंको ज्वेलर्स शोरूम में तीन बाइक पर सवार होकर पहुंचे करीब आठ अपराधियों ने हथियारों के बल पर लूटपाट की। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, अपराधी शोरूम से करीब 30 से 40 करोड़ रुपये मूल्य के आभूषण लूटकर फरार हो गए। हालांकि, लूटे गए सामान की वास्तविक कीमत का आकलन अभी किया जा रहा है। वारदात के दौरान अपराधियों ने शोरूम में मौजूद कर्मचारियों और अन्य लोगों को बंधक बनाया, उनके हाथ बांधे और मोबाइल फोन छीन लिए। इस दौरान दो लोगों के सिर पर वार किए जाने की भी जानकारी सामने आई है।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, करीब आठ अपराधी तीन बाइक पर सवार होकर शोरूम पहुंचे थे। सभी के हाथों में हथियार थे। अंदर घुसते ही उन्होंने कर्मचारियों और वहां मौजूद अन्य लोगों को हथियार दिखाकर अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद सभी के हाथ बांध दिए और उनके मोबाइल फोन छीन लिए। अपराधियों ने सभी लोगों को एक जगह बैठा दिया, ताकि कोई विरोध न कर सके और पुलिस या किसी अन्य व्यक्ति को सूचना न दे सके।लोगों को बंधक बनाने के बाद अपराधियों ने शोरूम में रखे कीमती आभूषण समेटने शुरू कर दिए। दुकान में मौजूद महिलाओं के मुताबिक, सभी अपराधियों के पास हथियार थे। इस दौरान विरोध करने या किसी तरह की बाधा पहुंचने पर दो लोगों के सिर पर वार किए जाने की बात भी सामने आई है। शुरुआती अनुमान के अनुसार, अपराधी करीब 30 से 40 करोड़ रुपये के आभूषण लूटकर ले गए हैं। फिलहाल शोरूम में हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।इस पूरी वारदात का सबसे चौंकाने वाला पहलू अपराधियों का कथित बयान है। शोरूम में मौजूद एक महिला प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक, वारदात को अंजाम देने के बाद जाते समय अपराधियों ने कहा, 'हम फिर आएंगे, यह एक फिल्म है।' अपराधियों के इस कथित बयान ने पूरे मामले को और सनसनीखेज बना दिया है। दिनदहाड़े शहर के बीचोंबीच इतनी बड़ी वारदात को अंजाम देकर अपराधियों का फरार होना पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर रहा है।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हडक़ंप मच गया। डीआईजी हरकिशोर राय, एसपी कुमार गौतम और डीएसपी अजीत कुमार समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और शोरूम के कर्मचारियों व प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और वारदात से जुड़े दूसरे पहलुओं की जांच कर रही है। दिनदहाड़े हुई इस बड़ी लूट ने पूरे बेतिया में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। शुरुआती तौर पर इसे बेतिया के इतिहास की सबसे बड़ी लूट की घटनाओं में से एक माना जा रहा है। अब पुलिस के सामने अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने की चुनौती है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि शहर के व्यस्त इलाके में आठ हथियारबंद अपराधी इतनी बड़ी वारदात को अंजाम देने में कैसे सफल हो गए? उन्होंने लूट की पूरी योजना कैसे तैयार की और वारदात के बाद पुलिस को चकमा देकर फरार कैसे हो गए? फिलहाल पुलिस इन सभी सवालों के जवाब तलाशने में जुटी है।
संबंधित समाचार
यूपी : छह महीने टला पंचायत चुनाव
15 मिनट पहले
खतरनाक पटाखों से ऐसे बचाएँ अपनी आँखों को !
1 सप्ताह पहले
टिप्पणियाँ (0)
अभी तक कोई टिप्पणी नहीं है।