मुख्य सामग्री पर जाएँ
ब्रेकिंग
गुरूवार, 19 नवम्बर 2026
आज हिन्दी दैनिक

मोजाम्बिक की माशेल ग्रासा को मिला इंदिरा गांधी शांति पुरस्कार

लेखक: AJVARANASI · · 5 बार पढ़ा गया
साझा करें: WhatsApp Facebook X
मोजाम्बिक की माशेल ग्रासा को मिला इंदिरा गांधी शांति पुरस्कार

नयी दिल्ली (आससे)। मोजाम्बिक की मानवाधिकार कार्यकर्ता ग्रासा माशेल को इंदिरा गांधी शांति, निरस्त्रीकरण और विकास पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। उन्हें यह सम्मान उनके सामाजिक कार्यों और मानवाधिकारों के लिए किये गये प्रयासों के लिए दिया गया है। यह पुरस्कार पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की स्मृति में दिया जाता है। इसका उद्देश्य शांति, निरस्त्रीकरण और विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों और संस्थाओं को सम्मानित करना है। ग्रासा माशेल मोजाम्बिक की जानी-मानी सामाजिक कार्यकर्ता हैं। उन्होंने महिलाओं और बच्चों के अधिकारों के लिए लंबे समय तक काम किया है। उनका काम खास तौर पर शिक्षा, बच्चों की सुरक्षा और महिलाओं के सशक्तीकरण से जुड़ा रहा है। उन्होंने संघर्ष और हिंसा से प्रभावित लोगों के अधिकारों के लिए भी आवाज उठायी है। ग्रासा माशेल का जन्म 17 अक्तूबर 1945 को हुआ था। उन्होंने मिशनरी स्कूलों में पढ़ाई की। इसके बाद जर्मन भाषा की पढ़ाई के लिए पुर्तगाल के लिस्बन विश्वविद्यालय गईं। वहीं उनके मन में अपने देश की आजादी को लेकर राजनीतिक चेतना विकसित हुई। 1973 में मोजाम्बिक लौटने के बाद वह स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़ गईं। उन्होंने मोजाम्बिक लिबरेशन फ्रंट में स्वतंत्रता सेनानी और शिक्षिका के तौर पर काम किया। 1975 में मोजाम्बिक को आजादी मिलने के बाद ग्रासा माशेल देश की पहली शिक्षा एवं संस्कृति मंत्री बनीं। उनके कार्यकाल में स्कूलों में बच्चों के दाखिले में बड़ी बढ़ोतरी हुई। प्राथमिक और माध्यमिक शिक्षा में लडक़ों की भागीदारी 40 फीसदी से बढक़र 90 फीसदी से ज्यादा हो गई। वहीं, लड़कियों की भागीदारी बढक़र 75 फीसदी तक पहुंच गई। उनके प्रयासों से देश में शिक्षा की पहुंच बढ़ाने में मदद मिली। ग्रासा माशेल ने कई अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं के साथ भी काम किया है। वह द एल्डर्स की संस्थापक सदस्यों में शामिल हैं। लड़कियों की कम उम्र में शादी रोकने के लिए काम करने वाली संस्था गल्र्स नॉट ब्राइड्स की स्थापना में भी उनकी अहम भूमिका रही है। इसके अलावा वह संयुक्त राष्ट्र महासचिव के सतत विकास लक्ष्य (एसडीजी) एडवोकेसी ग्रुप की सदस्य हैं। वह अफ्रीका चाइल्ड पॉलिसी फोरम की संरक्षक और मंडेला इंस्टीट्यूट फॉर डेवलपमेंट स्टडीज की अध्यक्ष भी हैं।

टिप्पणियाँ (0)

अभी तक कोई टिप्पणी नहीं है।